सतबरवा प्रखंड कार्यालय में BDO नदारद, पलामू DC ने लगाई फटकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

पलामू जिले में प्रशासनिक लापरवाही पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को उन्होंने सतबरवा प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ सह अंचलाधिकारी कृष्णा मुरारी तिर्की कार्यालय में मौजूद नहीं पाए गए। इस पर उपायुक्त ने उन्हें फोन पर जवाब-तलब किया और स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला मुख्यालय छोड़ने से पहले डीसी ऑफिस से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना सूचना के दफ्तर से नदारद रहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान लिपिक दीपक कुमार द्वारा गलत जानकारी देने पर भी डीसी ने कड़ी नाराजगी जताई और भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

उपायुक्त ने कहा कि सरकारी सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने, निर्धारित समय में कार्य निपटाने और आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ किया कि यदि जनता को सरकारी दफ्तरों में परेशानी हुई तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

औचक निरीक्षण के दौरान डीसी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, पानी की लीकेज ठीक कराने और कार्यालय व्यवस्था को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। साथ ही अंचल निरीक्षक से एनएच से जुड़े कार्यों की जानकारी लेकर प्रगति की समीक्षा भी की।

प्रखंड कार्यालय के बाद उपायुक्त ने सतबरवा स्वास्थ्य उपकेंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने वैक्सीनेशन कराने आई महिलाओं से बातचीत की और जलमीनार को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने अपना शुगर टेस्ट भी कराया। इसके अलावा उन्होंने राजकीयकृत मध्य विद्यालय और बालिका उच्च विद्यालय का भी जायजा लिया।

और पढ़ें