मानदेय भुगतान व वृद्धि की मांग को लेकर कर्मियों ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मेहरमा। बाह्य स्रोत एवं अनुबंध पर कार्यरत कंप्यूटर सहायक, वाहन चालक तथा एमटीएस कर्मियों ने लंबित मानदेय के भुगतान और मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से कर्मियों ने बताया कि वे लंबे समय से विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। कर्मियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच वर्तमान मानदेय अपर्याप्त है, ऐसे में इसमें वृद्धि किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
ऑल दैनिक वाहन चालक संघ के जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि पिछले लगभग दस महीनों से मानदेय लंबित है, जिसके कारण कर्मियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कर्मियों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि लंबित मानदेय के भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मानदेय वृद्धि के संबंध में विभागीय स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि कर्मियों को जल्द राहत मिल सके।
मंत्री के आश्वासन के बाद कर्मियों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा।
इस मौके पर सुनील हेम्ब्रम, योगेश कुमार, भैरव दास, मुकेश कुमार, पवन कुमार, सोनू कुमार, प्रभाकर कुमार एवं आशीष आनंद सहित कई कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें