संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता।
बोरियो। थाना क्षेत्र के मोरंग नदी स्थित बड़ा पुल के समीप शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान केवट टोला निवासी मंगल केंवट (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगल केंवट गोवा के एक होटल में काम करता था और शनिवार को ही गोवा रवाना होने वाला था। लेकिन गोवा जाने से पहले ही सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मंगल केंवट अपने साथी सोनू रजक (21) एवं छोटका रजक (30) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर बोरियो छोटा पुल के समीप आयोजित विषहरी गायन-नाटक देखने गया था। कार्यक्रम देखने के बाद तीनों बड़ा पुल के समीप चाय दुकान पर चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे मंगल केंवट की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू रजक एवं छोटका रजक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों और बोरियो पुलिस की मदद से तीनों को बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार गुप्ता ने मंगल केंवट को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों सोनू रजक एवं छोटका रजक का प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना के एसआई दूधनाथ सिंह सीएचसी पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुटी है।
गोवा जाने की तैयारी रह गई अधूरी
मंगल केंवट गोवा के एक होटल में काम करता था और शनिवार को काम पर लौटने के लिए गोवा जाने वाला था। परिवार में उसके जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन शुक्रवार देर रात हुए हादसे ने सबकुछ बदल दिया। युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।










