उत्तर प्रदेश। हरियाणवी सिंगर, अभिनेता और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस और यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह शामली में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने हत्याकांड से जुड़े बताए जा रहे दो मुख्य शूटरों को मार गिराया। मारे गए आरोपियों की पहचान सोनीपत, हरियाणा निवासी सुमित (24) और मोहित (22) के रूप में हुई है। दोनों पर पुलिस की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित बताया गया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों के गोगी गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है।
सुबह चार बजे घेराबंदी, जवाबी फायरिंग में मारे गए
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 4 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी शामली की ओर आ रहे हैं। इसके बाद कोतवाली शामली, झिंझाना पुलिस और स्वाट टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी घायल हुए हैं। घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
जिम से निकलते ही अंकित पर बरसाई थीं गोलियां

बता दें कि 26 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:45 बजे अंकित बालियान शामली के कोतवाली क्षेत्र में जिम से निकलकर अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर पहुंचे चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में अंकित को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंकित बालियान शामली के बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले थे और हरियाणवी संगीत, अभिनय तथा यूट्यूब कंटेंट के कारण लोकप्रिय थे। हत्या के बाद सोशल मीडिया पर गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे एक व्यक्ति ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस जांच में चार शूटर और दो रेकी करने वाले संदिग्धों की पहचान किए जाने की बात सामने आई थी।
दो शूटर ढेर, बाकी की तलाश जारी

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने मुठभेड़ में मारे गए दोनों युवकों के अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े होने की पुष्टि की है। पुलिस अब मामले में फरार बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। अस्पताल से सामने आए वीडियो में मुठभेड़ में मारे गए दोनों आरोपियों के शवों को अस्पताल लाते हुए देखा जा सकता है।









