राजमहल जेल में बंद कैदी की आत्महत्या की कोशिश, इलाज के दौरान मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजमहल | संवाददाता

राजमहल जेल में हत्या के एक मामले में सजा काट रहे कैदी ने आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मंसूर शेख के रूप में हुई है, जो बीते पांच वर्षों से जेल में बंद था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को मंसूर शेख ने राजमहल जेल परिसर के भीतर फांसी लगाकर अपनी जान देने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही जेल वार्ड में मौजूद अन्य कैदियों ने प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे इलाज के लिए राजमहल सब-डिवीजनल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी हालत अत्यंत गंभीर बताई गई। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे साहिबगंज सदर अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंसूर शेख राधानगर थाना क्षेत्र के चामा सत्तारटोला का निवासी था। वर्ष 2020 में उसने जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में अपने ही भाई अख्तर शेख की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। इस संबंध में राधानगर थाना में कांड संख्या 167/20 दर्ज किया गया था। मामले में मृतक की भाभी जहांनूर बेबा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आरोप यह भी था कि उक्त घटना में अन्य लोग घायल हुए थे।

जांच में यह तथ्य सामने आया था कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी आपसी रंजिश के चलते मंसूर शेख ने वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

इधर, घटना को लेकर राजमहल सब-डिवीजनल अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने बताया कि कैदी की हालत अस्पताल पहुंचते समय अत्यंत नाजुक थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

फिलहाल, मामले को लेकर जेल प्रशासन और पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें