पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा अंचल कार्यालय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने ड्यूटी के दौरान प्रधान लिपिक बिमल बास्की को हिरासत में ले लिया। महिला थाना प्रभारी मनीता कुमारी के नेतृत्व में अमड़ापाड़ा पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की, जिससे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
अचानक हुई गिरफ्तारी से कर्मचारी और अधिकारी स्तब्ध रह गए। पुलिस टीम प्रधान लिपिक को अपने साथ पाकुड़ ले गई, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बिमल बास्की पर वर्ष 2022 में यौन शोषण से जुड़ा गंभीर आरोप दर्ज किया गया था। मामले में न्यायालय द्वारा 20 नवंबर 2025 को वारंट जारी किया गया था, जिसके आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। आरोपी पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के धनुषपूजा का निवासी बताया गया है।
ड्यूटी ऑवर में हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे प्रखंड सह अंचल कार्यालय में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।








