जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टाटा जू) में पिछले एक सप्ताह में एक अज्ञात संक्रमण की चपेट में आकर 10 सफेद हिरणों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद जू प्रबंधन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
घटनाक्रम की जानकारी देते हुए जू प्रबंधन ने बताया कि मौतें 2 दिसंबर से शुरू हुईं और लगातार जारी रहीं। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए शेष बचे 5 सफेद हिरणों को तत्काल अलग-थलग (क्वारंटाइन) कर दिया गया है। साथ ही, पार्क में मौजूद अन्य सभी जानवरों पर भी विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है।
संक्रमण के कारण और प्रकृति की पुष्टि के लिए मृत हिरणों के नमूने रांची और ओडिशा के विशेषज्ञ प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रारंभिक आशंका है कि यह संक्रमण कौओं या चील जैसे पक्षियों के माध्यम से फैला हो सकता है, जो पालतू जानवरों में तेजी से प्रसारित होता है।
टाटा जू के निदेशक असरफ अली ने बताया कि यह कोई अत्यंत गंभीर बीमारी नहीं है और इसका इलाज संभव है। उन्होंने कहा, “सर्दियों के मौसम में ऐसे संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है क्योंकि जानवरों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। हमारी तीन डॉक्टरों की एक टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक उपचार जारी है।”
पार्क में मृतक हिरणों के अवशेषों का सुरक्षित निपटान कर दिया गया है और संक्रमण रोकथाम के लिए पूरे परिसर की विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।









