रांची। नामकुम थाना क्षेत्र के हाई टेंशन ग्राउंड के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की एक पल्सर 220 मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुजल केरकेट्टा (उम्र 19 वर्ष), पिता संजय केरकेट्टा, निवासी चेतन टोली, थाना अरगोड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात गश्ती दल ने संदिग्ध हालत में युवक को रोका और वाहन की जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में नामकुम थाना में कांड संख्या 287/25, दिनांक 29/10/2025, धारा 317(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बाइक के सत्यापन पर पुष्टि हुई कि यह चुटिया थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जहाँ इस संबंध में पहले से ही कांड संख्या 242/25 दर्ज है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि चोरी के संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से वाहन चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।








