समाहरणालय में पिस्तौल लहराने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा, एक पिस्तौल व दस गोलियां बरामद

रांची, 09 नवंबर। समाहरणालय स्थित सदर एसडीओ कार्यालय में पिस्तौल लहराने वाले आरोपी नागेश्वर महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी से एक पिस्तौल और दस गोलियां बरामद की हैं।

गौरतलब है कि 24 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे समाहरणालय ब्लॉक ‘बी’ के कमरा नंबर-210 में यह चौंकाने वाली घटना घटी थी। कार्यालय के कर्मचारी उस समय अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी नागेश्वर महतो बड़गांई अंचल से संबंधित ऑनलाइन प्रमाण पत्र के बारे में जानकारी लेने कार्यालय पहुंचा था।

जब कर्मचारियों ने उसे बताया कि संबंधित स्टाफ अवकाश पर हैं और उन्हें अवकाश के बाद आने के लिए कहा गया, तो यह सुनकर आरोपी भड़क गया। उसने कर्मचारियों के साथ अशालीन व्यवहार किया और अपशब्दों का प्रयोग करने लगा। इसके बाद तो उसने अपनी कमर से पिस्तौल निकाल कर लहराना शुरू कर दिया।

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए ने बताया कि कार्यालय के कर्मचारियों ने बड़ी हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को काबू किया और तुरंत वरीय अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपी के इरादों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment