दुमका। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के कदिया टोला में दहेज को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दामाद ने अपने ससुर की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, मृतक रविन्द्र कापरी अपनी बेटी से मिलने उसके ससुराल गए थे। इस दौरान दामाद सुधीर यादव (23 वर्ष) ने उनसे दहेज के रूप में एक ट्रैक्टर की मांग की। बताया जाता है कि रविन्द्र कापरी के पास तीन ट्रैक्टर थे, जिनमें से एक ट्रैक्टर दामाद अपने नाम करने की जिद कर रहा था।
ट्रैक्टर देने से इंकार करने पर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सुधीर यादव ने अपने ससुर पर हमला कर दिया। घायलावस्था में रविन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें देवघर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिवारवालों का कहना है कि एक दिन पहले ही उन्हें पता चला था कि उनकी बेटी को एपेंडिक्स की समस्या है। इसी कारण वह अपनी बेटी को इलाज के लिए घर ले जाना चाहते थे। लेकिन दामाद ने ट्रैक्टर देने तक बेटी को नहीं भेजने की बात कहकर हंगामा किया और घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
