30 साल से अधूरी सड़क पर उफना ग्रामीणों का सब्र : धान रोपकर किया विरोध, पंचायत चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

हजारीबाग। जिले की मंगूरा पंचायत के हेटली जंगवारी गांव में ग्रामीणों ने 30 वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीणों ने कच्ची सड़क पर धान की रोपाई कर सरकार और जनप्रतिनिधियों को आईना दिखाया। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण के लिए वर्षों से आवेदन और शिकायतें की जाती रही हैं। कई मुखिया और जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया, यहां तक कि विधायक फंड से सड़क बनाने की बातें भी हुईं, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। लोगों ने सवाल उठाया कि जब आसपास के गांवों में पक्की सड़कें बन चुकी हैं, तो हमारा गांव क्यों उपेक्षित है? करीब 100 से अधिक परिवार इस सड़क से प्रभावित हैं। यही उनका मुख्य आवागमन का मार्ग है। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं। कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क पर बच्चों का स्कूल जाना और मरीजों का अस्पताल तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रसव पीड़ित महिलाएं और गंभीर मरीज समय पर इलाज न मिलने के कारण परेशान हुए।
गांव वालों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सड़क निर्माण जल्द नहीं हुआ तो वे आगामी पंचायत चुनाव का बहिष्कार करेंगे। उनका कहना है, जब विकास ही नहीं होगा तो वोट देने का कोई मतलब नहीं। इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस की सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल ने कहा ग्रामीणों की मांग जायज़ है। 30 साल से अधूरी सड़क के कारण बच्चों से लेकर मरीजों तक को कठिनाई झेलनी पड़ रही है। सरकार और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी लोगों में आक्रोश पैदा कर रही है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि यह केवल विकास का सवाल नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी और बच्चों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें