गुमला की 30 ग्रामीण महिलाएँ गुजरात रवाना, IRMA में लेंगी विशेष प्रशिक्षण

गुमला। कभी नक्सलवाद, पलायन और मानव-तस्करी जैसी समस्याओं के कारण नकारात्मक छवि वाला गुमला जिला आज सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में एक प्रेरणादायक पहल के अंतर्गत जिले की 30 ग्रामीण महिलाओं को गुजरात स्थित प्रतिष्ठित ग्रामीण प्रबंधन संस्थान आनंद (IRMA) में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है।
जिला उपायुक्त सुश्री प्रेरणा दीक्षित की पहल पर इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई। गुमला परिसदन भवन से उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो तथा जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक कुमार सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारियों ने इन महिलाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विशेष बात यह है कि ये सभी महिलाएँ हवाई मार्ग से गुजरात जाएँगी। राँची हवाई अड्डे से स्वयं उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित उन्हें विदा करेंगी। चयनित महिलाएँ वे हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने श्रम और प्रतिभा के बल पर जिले में अलग पहचान बनाई है। जो महिलाएँ कभी अन्य राज्यों में मजदूरी करने को विवश थीं, वे आज अपने ही गाँवों में रहकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती-बाड़ी तथा स्वावलंबन की दिशा में कार्यरत हैं। प्रशासन की इस पहल से उनके जीवन में और भी सकारात्मक परिवर्तन की आशा व्यक्त की जा रही है। महिलाओं के चेहरे पर उत्साह और गर्व स्पष्ट दिखाई दे रहा था। उनका कहना था कि जिनके लिए राँची तक बस से जाना भी कठिन प्रतीत होता था, वे आज हवाई जहाज से गुजरात जा रही हैं। यह उनके जीवन का अभूतपूर्व क्षण है। महिलाओं ने विश्वास दिलाया कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को वे अपने गाँव तथा अन्य महिलाओं के साथ साझा करेंगी और आत्मनिर्भरता की दिशा में और भी दृढ़ता से आगे बढ़ेंगी।
जिला प्रशासन की यह पहल गुमला की महिलाओं के लिए नई आशा के रूप में देखी जा रही है। ग्रामीण महिलाओं का मानना है कि यह अवसर उनके सामाजिक, आर्थिक और व्यक्तिगत विकास में सहायक सिद्ध होगा और वे जिले का गौरव बढ़ाने में निरंतर प्रयत्नशील रहेंगी।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment