पुलिस कर रही है जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता, हिरणपुर
हिरणपुर: प्रखंड क्षेत्र के महारो स्थित एक बंद पड़े पत्थर खदान से बुधवार शाम एक अज्ञात शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव को खदान के पानी में तैरता हुआ देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना के एसआई सूर्यकुमार राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। शव करीब तीन-चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा था, जिससे दुर्गंध भी आ रही थी।
दो वर्षों से बंद है खदान, पत्थर धोने का हो रहा था कार्य—
जानकारी के अनुसार यह खदान पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा है। हालांकि आस-पास के क्रशर संचालकों द्वारा इस खदान में पत्थर धोने का काम अनौपचारिक रूप से किया जा रहा है। आमतौर पर स्थानीय लोग इस खदान के पानी का उपयोग नहीं करते हैं और न ही कोई नहाने के लिए वहां जाता है।
शाम के समय जब वाहन चालक खदान में पत्थर धोने पहुंचे, तो उन्होंने पानी में तैरता हुआ शव देखा। तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
शव की पहचान नहीं हो पाई—
पुलिस शव की पहचान में जुटी हुई है। अगल-बगल के गांवों में भी सूचना भेजी गई है, लेकिन अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।
प्रमुख बिंदु:
- दो वर्षों से बंद पड़ा है खदान
- पत्थर धोने पहुंचे चालकों ने शव देखा
- तीन-चार दिन पुराना हो सकता है शव
- पुलिस कर रही है सघन जांच
- पहचान के प्रयास जारी