कांग्रेस नेता के भाई को दिनदहाड़े मारी गई गोली, पारस अस्पताल में हंगामा – इलाज में लापरवाही का आरोप

रांची | 6 जुलाई 2025: राजधानी रांची एक बार फिर गोलीकांड से दहल उठी है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार रोशन के छोटे भाई हेमंत साहू को रविवार देर शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। हमले में हेमंत को चार गोलियां लगी हैं। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में पारस अस्पताल, धुर्वा में भर्ती कराया गया, जहां परिजनों ने इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।

इलाज नहीं, बहाना बना रहा अस्पताल प्रशासन?

परिजनों के अनुसार, अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन खराब होने की बात कहकर अभी तक इलाज शुरू नहीं किया गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि एक भी गोली नहीं निकाली गई है, जिससे हेमंत की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। इस लापरवाही को लेकर अस्पताल परिसर में परिजन और कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे

अस्पताल में हंगामा, पुलिस तैनात

घटना की जानकारी मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक प्रमुख नेता के परिजन को भी समय पर इलाज नहीं मिल रहा, तो आम जनता के साथ क्या होता होगा? अस्पताल प्रबंधन के रवैये से जनता में गहरा आक्रोश है।

हमले की साजिश या आपसी रंजिश? पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर हमले के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह हमला राजनीतिक साजिश है या निजी दुश्मनी का नतीजा – इस पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।


चश्मदीद बोले – बाइक सवारों ने मारी गोली

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावर दो बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने बेहद नजदीक से गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद वे मौके से फरार हो गए।


जनता का सवाल – राजधानी में कोई सुरक्षित नहीं?

इस हमले ने एक बार फिर राजधानी रांची की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और परिजनों की मांग है कि हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment