जल्द ही भारत तीसरी आर्थिक शक्ति बनेगा:संजय सेठ
संथाल हुल एक्सप्रेस,संवाददाता
रामगढ़। रामगढ़ चेंबर भवन में गुरूवार को भाजपा रामगढ़ जिला द्वारा विकसित भारत अमृत काल सेवा, सुशासन, गरीबी कल्याण के तहत 11 साल की केन्द्र की उपलब्धियों पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया। प्रेस वार्ता को मुख्य अतिथि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संबोधित करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियों को रखा। उन्होंने कहा कि इन 11 सालों मेें देश की तकदीर और तस्वीर बदल गई है। कहा कि इस दौरान दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। कहा कि भारत द्वारा किये गये ऑपरेशन सिंदूर की हर जगह चर्चा हो रही है। इसमें 23 मिनट में आतंकवादियों के 9 अड्डे खतम किये गए। अभियान में भारत में निर्मित हथियारों द्वारा आतंकवादियों के अड्डे खतम किये गए। पाकिस्तान द्वारा दागे गए ड्रोन मार गिराये गये। अपनी स्थिति खराब होते देख पाक डीजीएमओ ने भारत के डीजीएमओ से वार्ता की मांग की। जिसके बाद दोनो डीजीएमओ में वार्ता के बाद ऑपरेशन स्थगित हुआ। रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल के कार्यकाल में देश का तेजी से विकास हुआ है और भारत जापान को पीछे छोड़कर चौथी आर्थिक शक्ति बन चुका है। कहा कि जब कोरोना फैला तो भारत ने दो वैक्सीन बनाया और अपने लोगों को टीका लगाने के साथ दूसरे देशों को वैक्सीन देने का कार्य किया। रूस-यूक्रेन युद्ध में प्रधानमंत्री की पहल पर रूस-यूक्रेन ने भारत के छात्रों को निकलने के लिए युद्ध रोक दिया जो की भारत के प्रभाव को बताता है। कहा कि भारत अब हथियारों का निर्यात कई देशों को कर रहा है और आगे चलकर इस निर्यात में और वृद्धि होगी। बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 2047 तक देश को विकसित बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आज भारत में सबसे अधिक डिजिटल पेमेंट हो रहा है। जनधन योजना में करोड़ों लोगों का खाता खुला। कश्मीर से धारा 370 हटाने का कार्य किया गया। करोड़ों देश वासियों को उज्जवला योजना और ओडीएफ योजना का लाभ मिला। साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी मिली। नक्सली आंदोलन को कुचलने का कार्य किया गया। रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के 11 साल के कार्यकाल में देश के हर क्षेत्र में विकास हुआ है। प्रेस वार्ता में विशिष्ट अतिथि प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, बड़कागांव विधायक रौशनलाल चौधरी मौजूद थे। वहीं, मौके पर जिला प्रभारी शशिभूषण भगत, जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता, अमरेन्द्र कुमार गुप्ता, रणंजय कुमार,डॉ संजय कुमार सिंह चंद्रशेखर चौधरी,राजू चतुर्वेदी, विजय जायसवाल, राजीव जायसवाल, राजीव पामदत्त , रंजन फौजी दिनेश प्रसाद महेन्द्र प्रजापति आदि उपस्थित थे।









