संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
पलामू:छतरपुर थाना क्षेत्र में महिंद्रा पेट्रोल पंप के निकट स्थित एक मकान में देर रात एक आर्केस्ट्रा डांसर की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृत आर्केस्ट्रा डांसर की पहचान छत्तीसगढ़ के नावापारा निवासी रिया कुमारी के रूप में हुई है। रिया इलाके में आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों में प्रदर्शन करती थी और वहीं किराए के मकान में रह रही थी।
घटना की जानकारी मिलने पर छतरपुर पुलिस ने शनिवार रात करीब 11 बजे शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने रविवार सुबह लगभग 5 बजे मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रिया कुमारी के साथ उस समय तीन अन्य लड़कियाँ – नीतू कुमारी, प्रतिज्ञा कुमारी, और अनु कुमारी – तथा दो लड़के चांद और विष्णु भी रह रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिया की अचानक तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उन्हें रात में अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने रिया को मृत घोषित कर दिया। इस संदिग्ध मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, और पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं की छानबीन की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी पूरी सतर्कता बरत रहा है। आगे की कार्रवाई और निष्कर्षों के लिए सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
