दुमका में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, कोलकाता STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दुमका: दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के एक ठिकाने का पर्दाफाश किया है। रामगढ़ मोड़ के समीप रेलवे ओवरब्रिज के पास एक किराए के मकान में चल रहे इस कथित अवैध हथियार निर्माण केंद्र पर बुधवार देर शाम छापेमारी की गई। कार्रवाई कोलकाता STF और दुमका पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी में पुलिस ने मकान से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन समेत कई उपकरण बरामद किए। कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर दिया है।

कोलकाता STF के इनपुट पर हुई कार्रवाई

बताया गया कि कुछ दिनों पहले कोलकाता STF ने हथियार तस्करी के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर हंसडीहा क्षेत्र में हथियार तैयार किए जाने वाले एक गुप्त ठिकाने की जानकारी सामने आई। इसी इनपुट के आधार पर दुमका पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सूचना की पुष्टि की और संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान पुलिस को हथियार निर्माण से जुड़े उपकरण और लेथ मशीन मिली। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

कार्रवाई की जानकारी मिलते ही दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। ऑपरेशन में हंसडीहा सर्किल इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद, हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत यादव, सरैयाहाट थाना प्रभारी अनुज कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार और जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार सहित कोलकाता STF की टीम शामिल रही।

हथियारों की सप्लाई नेटवर्क की जांच

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कथित तौर पर इस ठिकाने पर तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसपी पीतांबर सिंह खेरवार के अनुसार, बरामद उपकरणों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस संभावित अंतरराज्यीय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें