ब्रह्मपुत्र मेल में तीन मोबाइल चोरी, आरपीएफ ने आरोपी को दबोचा,तीन मोबाइल बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तीनपहाड़ में महिला यात्री से मोबाइल झपटमारी के मामले में भी छापेमारी, संदिग्ध घर छोड़कर फरार



संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

बरहरवा/तीनपहाड़।  रेलवे यात्रियों के मोबाइल पर चोर-उचक्कों की नजर के बीच बरहरवा आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुत्र मेल में यात्रियों की जेब से मोबाइल चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्री के हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हुए संदिग्ध की तलाश में आरपीएफ लगातार छापेमारी कर रही है।

गुप्त सूचना पर प्लेटफॉर्म से पकड़ा गया संदिग्ध

जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर को आरपीएफ बरहरवा को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 15657 ब्रह्मपुत्र मेल के सामान्य कोच में यात्रा कर रहे दो सोये हुए यात्रियों के पॉकेट से कुल तीन मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। एक यात्री के पॉकेट से दो तथा दूसरे यात्री के पॉकेट से एक मोबाइल चोरी किया गया था। मामले की सूचना मिलते ही आरपीएफ बरहरवा इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने अधिकारी एवं जवानों के साथ संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी। संभावित स्थानों पर लगातार जांच-पड़ताल और छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान आरपीएफ को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाला संदिग्ध बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक स्थित शौचालय के किनारे बैठा है।

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक जलेश्वर कुमार दुबे और आरक्षी ब्रजेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे। आरपीएफ टीम को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा। जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम सलीम शेख उर्फ गोरा उर्फ छउची (25 वर्ष), पिता कालू शेख, निवासी मेंहेरुद्दीन मुंसिटोला, थाना कलियाचक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल बताया।

तीन मोबाइल बरामद, कीमत करीब 53 हजार रुपये

नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से तीन पुराने एवं इस्तेमाल किए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल में सैमसंग गैलेक्सी ब्लिट्ज, इंफिनिक्स नोट और वीवो कंपनी का मोबाइल शामिल है। आरपीएफ के अनुसार तीनों मोबाइल की अनुमानित कीमत 53,497 रुपये है। आरोपी बरामद मोबाइल के संबंध में कोई वैध खरीद दस्तावेज अथवा स्वामित्व प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 8 सितंबर को ब्रह्मपुत्र मेल के सामान्य कोच में दरवाजे के पास यात्रा कर रहे और सो रहे यात्रियों के पॉकेट से उसने तीन मोबाइल चोरी किए थे। एक यात्री के पॉकेट से दो और दूसरे यात्री के पॉकेट से एक मोबाइल चोरी करने के बाद वह बरहरवा रेलवे स्टेशन पर उतर गया था। आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में तलाशी-सह-जब्ती सूची तैयार कर तीनों मोबाइल जब्त किए। आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा को संबंधित दस्तावेज एवं बरामद सामान सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।

तीनपहाड़ में ट्रेन खुलते ही महिला से मोबाइल झपटमारी

इधर, तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्री से मोबाइल झपटमारी की घटना सामने आने के बाद आरपीएफ ने जांच तेज कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, हरचंदपुर निवासी रूपा देवी बुधवार को सब्जी और घरेलू सामान खरीदने तीनपहाड़ बाजार आई थीं। बाजार का काम पूरा करने के बाद वह करीब 1:50 बजे प्लेटफॉर्म संख्या तीन पहुंचीं और तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर ट्रेन में सवार हुईं।
बताया गया कि वह गार्ड की बोगी से करीब दो डिब्बे पीछे बैठी थीं। ट्रेन तीनपहाड़ स्टेशन से रवाना होकर कुछ ही दूरी आगे बढ़ी थी कि एक अज्ञात युवक उनके पास पहुंचा। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही युवक उनके हाथ से करीब 14 हजार रुपये कीमत का सैमसंग मोबाइल झपटकर फरार हो गया। अचानक हुई घटना से महिला सहम गईं। उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद मामले की सूचना आरपीएफ को दी गई।

संदिग्ध घर छोड़कर फरार, ठिकानों पर छापेमारी

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक तीनपहाड़ की घटना को आरपीएफ ने गंभीरता से लेते हुए संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना में शामिल संदिग्ध युवक घर छोड़कर फरार है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि तीनपहाड़ की घटना में आरपीएफ जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। आरपीएफ दोनों घटनाओं के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद यात्रियों से भी ट्रेन में सफर के दौरान मोबाइल और अन्य कीमती सामान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

संजीव कुमार बोले— सूचना मिलते ही कार्रवाई, चोर कितनी भी दूर जाएं, आरपीएफ से दूर नहीं

आरपीएफ बरहरवा इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने यात्रियों से अपील की कि रेलवे से संबंधित किसी भी तरह की घटना होने पर इसकी जानकारी तुरंत आरपीएफ को दें। उन्होंने कहा कि समय रहते सूचना मिलने पर संबंधित कार्रवाई पूरी करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि कोई भी मामला संज्ञान में आने के बाद आरपीएफ की ओर से जांच और छापेमारी लगातार की जा रही है। “चोर-उचक्के कितनी भी दूर चले जाएं, आरपीएफ से दूर नहीं जा सकते।” संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें