गुमला: सिसई थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 12वीं कक्षा की छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब छह से सात घंटे के भीतर मंगलवार रात छात्रा को अरंगी जंगल से बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब तीन बजे छात्रा साइकिल से स्कूल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बोलेरो सवार पांच युवकों ने कथित तौर पर उसे अपने साथ ले लिया। छात्रा के पीछे से आ रही दो अन्य छात्राओं ने रास्ते में उसकी साइकिल और स्कूल बैग पड़ा देखा। इसकी सूचना उन्होंने छात्रा के परिजनों को दी। छात्रा के अचानक गायब होने और सड़क पर साइकिल व बैग मिलने के बाद परिजनों को अपहरण की आशंका हुई।
मां की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा की मां सिसई थाना पहुंचीं और पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल छात्रा की तलाश शुरू की। मंगलवार रात पुलिस टीम ने अरंगी जंगल में कार्रवाई कर छात्रा को बरामद कर लिया।
पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी बिरिया उरांव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की और कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में घाघरा थाना क्षेत्र के काचा पारा गांव निवासी बिरिया उरांव (18), मुन्ना उरांव (26), राजेश उरांव (22), बीरेंद्र उरांव (30) तथा अरंगी गांव निवासी आशीष लोहरा (20) शामिल हैं।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी (जेएच-01-ए-25699) को भी जब्त कर लिया है।
एकतरफा प्रेम का एंगल, मेडिकल जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे एकतरफा प्रेम का एंगल सामने आया है। पुलिस को मुख्य आरोपी पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने की भी जानकारी मिली है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की वास्तविक स्थिति छात्रा की मेडिकल जांच और उसके बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।









