झारखंड में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी, 15 जिलों में वज्रपात का अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

रांची: बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। 10 और 11 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जिलों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 10 सितंबर को रांची समेत 11 जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं।

इनके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

11 सितंबर को इन 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

दोनों दिनों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने और वज्रपात के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

संताल परगना और कोल्हान में भी हुई बारिश

इधर, बुधवार को संताल परगना और कोल्हान के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रांची जिले के कांके में 21 मिमी, जबकि रांची शहर में करीब 1 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बंगाल की खाड़ी में एक्टिव है मौसमीय सिस्टम

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के क्षेत्र में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जो करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

इसके प्रभाव से उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में अगले एक-दो दिनों तक कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 11 सितंबर तक राज्य में बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें