कोडरमा में कच्चे तेल से भरा टैंकर पलटा, बाल्टी लेकर लूटने दौड़े ग्रामीण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

कोडरमा। सदर थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मेघातरी कालीमंडा के पास कच्चे तेल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टैंकर से तेल बहता देख बड़ी संख्या में ग्रामीण बाल्टी, ड्रम और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और तेल भरकर ले जाने लगे।

जानकारी के अनुसार, टैंकर पश्चिम बंगाल के हल्दिया से कच्चा तेल लेकर कोडरमा के रास्ते नेपाल जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोट आने की जानकारी है।

तेल बहते ही मौके पर जुटी भीड़

टैंकर के पलटने के बाद उसमें भरा कच्चा तेल सड़क पर बहने लगा। तेल बहता देखकर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते ग्रामीण बाल्टी, ड्रम और दूसरे बर्तन लेकर तेल भरने लगे।

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को घटनास्थल से हटाया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया। इसके बाद क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को सीधा करने और सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

काफी मात्रा में तेल ले गए ग्रामीण

ग्रामीणों को मौके से हटाए जाने तक काफी मात्रा में तेल ले जाया जा चुका था। वहीं, टैंकर से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल सड़क पर भी बह गया।

बताया गया कि टैंकर में सोयाबीन तेल के निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल लदा था। यह तेल पूरी तरह रिफाइंड नहीं था और इसे सीधे इस्तेमाल करने के लिए तैयार नहीं माना जाता है।

बिना प्रोसेस के इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए खतरनाक

विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के कच्चे तेल को बिना आवश्यक जांच और निर्धारित प्रोसेस के इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में ग्रामीणों द्वारा टैंकर से कच्चा तेल ले जाना चिंता का विषय है।

फिलहाल पुलिस और संबंधित टीमों की ओर से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें