गढ़वा में डेंगू का कहर, 1 व्यवसायी की मौत से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गढ़वा। जिले में डेंगू के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब दस दिनों में डेंगू के लक्षण वाले कई मरीज सामने आए हैं, जिनमें दो मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, जिले के एक बड़े व्यवसायी की डेंगू की चपेट में आने से मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने भी डेंगू से मौत की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, मृतक ने जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं कराया था। वहीं, एक अन्य मरीज में डेंगू के लक्षण पाए गए थे। उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ और स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से घर भेज दिया गया।

डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

डेंगू के मामले सामने आने के बाद जिले का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को डेंगू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

जिले के सिविल सर्जन ने कहा कि डेंगू से एक व्यक्ति की मौत होना बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि मृतक ने सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं कराया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि डेंगू के इस मौसम में अपने घर और आसपास के क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई रखें।

घर के आसपास पानी जमा नहीं होने दें

सिविल सर्जन ने लोगों से कहा कि डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। कूलर, गमले, पुराने टायर, डिब्बे और अन्य जगहों पर जमा पानी को नियमित रूप से साफ करना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि जिले में एक-दो छिटपुट मामले सामने आए थे, जिनका इलाज किया गया और मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग डेंगू की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द या डेंगू से जुड़े अन्य लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें