संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
लोहरदगा: लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र में बीती देर रात हथियारबंद अपराधियों ने कंस्ट्रक्शन साइट को निशाना बनाकर जमकर उत्पात मचाया। अपराधियों ने बाईपास सड़क निर्माण कार्य में जुटी वीकेएस कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के महुवाटोली स्थित साइट पर करीब 3 राउंड फायरिंग की और वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी।
घटना में निर्माण साइट की सुरक्षा में तैनात गार्ड शशिभूषण लकड़ा के कंधे में गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल गार्ड को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो हथियारबंद अपराधी देर रात निर्माण साइट पर पहुंचे। उन्होंने पहले फायरिंग कर दहशत फैलाई और इसके बाद साइट पर खड़ी दो गाड़ियों में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से एक हाईवा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
लेवी वसूली और दहशत फैलाने की आशंका
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। जिला मुख्यालय से महज कुछ दूरी पर हुई इस दुस्साहसिक घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने निर्माण कार्य में बाधा डालने, ठेकेदार से लेवी वसूलने और इलाके में दहशत कायम करने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच, अपराधियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी समेत पुलिस के कई अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फायरिंग और आगजनी से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही पुलिस घटना के पीछे किसी आपराधिक गिरोह की संलिप्तता और लेवी से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल घायल गार्ड का इलाज रांची में चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।









