JSSC CGL रद्द होने के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे चयनित अभ्यर्थी, नियुक्ति बचाने को कानूनी लड़ाई शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: JSSC CGL परीक्षा रद्द किए जाने के सरकार के फैसले के खिलाफ चयनित अभ्यर्थियों ने झारखंड हाईकोर्ट का रुख किया है। चयनित अभ्यर्थियों की ओर से कोर्ट में याचिका दायर कर दी गई है। अब मामले की जल्द सुनवाई कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

दरअसल, जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों का करीब 26 दिनों तक आंदोलन चला था। इसके बाद सरकार ने JSSC CGL परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। परीक्षा रद्द होने के बाद इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नौकरी हासिल कर चुके चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति भी प्रभावित हो गई।

नियुक्ति बचाने के लिए लगातार प्रदर्शन

परीक्षा रद्द होने के फैसले के बाद से चयनित अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने परीक्षा में सफलता हासिल की है और नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके भविष्य पर सवाल खड़ा हो गया है।

अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति बचाने और सरकार के फैसले पर पुनर्विचार की मांग को लेकर अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर चुके हैं।

अब हाईकोर्ट में रखेंगे अपना पक्ष

सरकार के फैसले को चुनौती देते हुए चयनित अभ्यर्थियों ने अब कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है। हाईकोर्ट में दायर याचिका के माध्यम से अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति और परीक्षा परिणाम से जुड़े अधिकारों को लेकर न्याय की मांग करेंगे।

मामले में जल्द सुनवाई की उम्मीद के बीच चयनित अभ्यर्थियों की नजर अब हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी है।

Leave a Comment

और पढ़ें