धुर्वा डैम से मिला लापता विधानसभा कर्मी का शव, दो दिन से चल रही थी तलाश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: डोरंडा क्षेत्र से बुधवार को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए विधानसभा कर्मी बुलंद अख्तर का शव शुक्रवार सुबह धुर्वा डैम से बरामद किया गया। डैम के फाटक के पास पानी में शव तैरता देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।

शव की पहचान बुलंद अख्तर के रूप में होने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों का शव देखकर रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

अंतिम लोकेशन के आधार पर एनडीआरएफ ने चलाया था सर्च ऑपरेशन

बताया गया कि बुलंद अख्तर बुधवार को अचानक घर से लापता हो गए थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

गुरुवार को उनकी अंतिम लोकेशन और धुर्वा डैम के आसपास मिले सुरागों के आधार पर एनडीआरएफ की टीम ने डैम के गहरे पानी में पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि देर शाम तक टीम को सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के बाद अभियान रोक दिया गया था।

आत्महत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं से जांच

शुक्रवार सुबह डैम के पास टहलने पहुंचे स्थानीय लोगों ने फाटक के करीब पानी में शव तैरता देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या और दुर्घटना, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। बुलंद अख्तर किन परिस्थितियों में धुर्वा डैम पहुंचे, इसे लेकर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें