MGM अस्पताल समेत शहरभर में चोरी-छिनतई करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 33 मोबाइल और 3 वाहन बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित SIT ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 33 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, दो चोरी की स्कूटी और छिनतई में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

गुप्त सूचना पर MGM अस्पताल के पास कार्रवाई

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य MGM अस्पताल परिसर के आसपास किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल, पर्स, बाइक, स्कूटी और चेन चोरी व छिनतई की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु निवासी तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिंदी उर्फ नंदू, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आकाश दत्ता और सावन देवगम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छह मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों और बरामद सामान का मिलान करने के बाद MGM और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छह मामलों के खुलासे का दावा किया है। इस संबंध में MGM थाना में कांड संख्या 98/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने तुरियाबेड़ा में महिला से सोने का लॉकेट लगे मोती के माला की छिनतई, MGM अस्पताल से Vivo और Moto G57 Power मोबाइल की चोरी, अस्पताल में पॉकेटमारी और पार्किंग से Activa स्कूटी चोरी जैसी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

इसके अलावा मानगो बस स्टैंड से चोरी हुई बिना नंबर की Yamaha Fascino स्कूटी भी पुलिस ने बरामद की है।

निशानदेही पर 33 मोबाइल फोन बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर बागुनहातु से कुल 33 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें iPhone, Vivo, Oppo, Realme और Samsung समेत विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन और कीपैड मोबाइल शामिल हैं।

पुलिस ने एक सोने का लॉकेट, चांदी की माला में सिटीगोल्ड का मंगलसूत्र, तीन पतली चांदी की चेन और एक कान का टॉप भी बरामद किया है।

इसके अलावा दो चोरी की स्कूटी और छिनतई की घटनाओं में इस्तेमाल की गई Splendor मोटरसाइकिल (JH05DX-1935) भी जब्त की गई है।

अन्य आरोपियों और मोबाइल मालिकों की तलाश

पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है। बरामद किए गए 33 मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों का पता लगाने के लिए भी पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें