संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: JSSC-CGL परीक्षा रद्द किए जाने के सरकार के फैसले के बाद परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। नियुक्ति बचाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफल अभ्यर्थी अब सड़कों पर रात गुजारने को मजबूर हैं।
रात करीब दो बजे सड़क पर सोते नजर आए ये अभ्यर्थी वही हैं, जिन्होंने JSSC-CGL परीक्षा में सफलता हासिल की है। सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले के बाद से ये अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। कभी प्रोजेक्ट भवन के बाहर तो कभी सचिवालय परिसर में प्रदर्शन कर सरकार से अपने भविष्य को लेकर न्याय की मांग कर रहे हैं।
26 दिनों के आंदोलन के बाद रद्द हुई परीक्षा
जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों का करीब 26 दिनों तक आंदोलन चला था। इसके बाद सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया। परीक्षा रद्द होने के बाद आंदोलन कर रहे छात्रों के एक वर्ग में खुशी की लहर दौड़ी, लेकिन परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला बड़ा झटका बनकर सामने आया।
सफल अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया पूरी कर मेहनत के बाद सफलता हासिल की है। ऐसे में परीक्षा रद्द होने से उनकी नियुक्ति और भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
नियुक्ति बचाने की मांग
परीक्षा रद्द होने के बाद से सफल अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उनका मुख्य मुद्दा अपनी नियुक्ति को बचाना है। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार उनकी स्थिति पर गंभीरता से विचार करे और ऐसा समाधान निकाले, जिससे सफल उम्मीदवारों के साथ अन्याय न हो।
लगातार प्रदर्शन और सड़क पर रात गुजारने की तस्वीरें अब अभ्यर्थियों की परेशानी और आंदोलन की गंभीरता को सामने ला रही हैं। सफल अभ्यर्थी सरकार से जल्द सकारात्मक पहल की उम्मीद लगाए हुए हैं।









