संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना के बाद झारखंड जगुआर के बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड (BDDS) को विधानसभा परिसर में भेजा गया। टीम ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
सुरक्षा टीम ने विधानसभा भवन और परिसर के अलग-अलग हिस्सों की जांच की। तलाशी अभियान के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई।
विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज
धमकी भरा ईमेल भेजे जाने के मामले में झारखंड विधानसभा के एक पदाधिकारी की ओर से रांची के विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी वाला ईमेल किस जगह से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। ईमेल के सोर्स के साथ-साथ उसके तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सत्यता की जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही हैं। विधानसभा परिसर में किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।









