संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
पलामू: जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में नेशनल हाईवे कंस्ट्रक्शन साइट पर गुरुवार देर रात करीब दो बजे अपराधियों ने फायरिंग कर दी। घटना में दो मजदूर गोली लगने से घायल हो गए। घायल मजदूरों की पहचान अजय हांसदा और संजय हांसदा के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अजय हांसदा के पैर में जबकि संजय हांसदा के पेट में गोली लगी है। दोनों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए दोनों को रिम्स रेफर किया गया है।
बाइक से पहुंचे थे दो अपराधी
बताया जा रहा है कि देर रात बाइक सवार दो अपराधी कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचे और मजदूरों के अस्थायी कैंप को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा एक पर्चा भी पुलिस के हाथ लगा है।
नेशनल हाईवे-139 के फोरलेन का चल रहा निर्माण
सतबरवा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-139 के फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है। रजडेरवा में हाईवे पर फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है, जिसके ऊपर मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी कैंप बनाया गया है। इसी कैंप को कथित तौर पर अपराधियों ने निशाना बनाया।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान
एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है।
फायरिंग की इस घटना के बाद कंस्ट्रक्शन साइट पर काम कर रहे मजदूरों में दहशत का माहौल है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े लोगों और घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।










