संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
सरायकेला-खरसावां: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलियाडीह स्थित शीतला मंदिर के सामने शनिवार दोपहर एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
धारदार हथियार से हमला कर फरार हुए आरोपी
जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना स्थानीय लोगों के सामने हुई, लेकिन हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी भय के कारण खुलकर कुछ भी बताने से बच रहे हैं।
गम्हरिया थाना पुलिस सबसे पहले पहुंची मौके पर
घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र की होने के बावजूद गम्हरिया थाना नजदीक होने के कारण सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद आदित्यपुर थाना पुलिस और सरायकेला के एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।
मृतक की पहचान, आपसी रंजिश की आशंका
गम्हरिया थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान जगन्नाथ गोप (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गम्हरिया का रहने वाला था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।
प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद बोलियाडीह, गम्हरिया और आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।









