जमशेदपुर : साकची बाजार में दबंगई पड़ी भारी, पुलिस ने परेड कराकर दुकानदारों से मंगवाई माफी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

जमशेदपुर: साकची बाजार में दबंगई दिखाने वाले युवक मोहम्मद फहीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर सार्वजनिक रूप से दुकानदारों और आम लोगों से माफी मंगवाई। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

वायरल वीडियो के बाद हुई गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, वीडियो वायरल होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे साकची बाजार ले जाया गया, जहां पुलिस ने उसकी परेड कराई। इस दौरान आरोपी हाथ जोड़कर दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपनी गलती की माफी मांगता और पछतावा जताता नजर आया।

फल विक्रेता के कर्मचारी से की थी मारपीट

पुलिस के अनुसार, साकची टीना शेड में फल के दाम को लेकर हुए विवाद के बाद मोहम्मद फहीम ने फल व्यापारी सत्यनारायण केसरी के कर्मचारी माधव चातर के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की थी। वायरल वीडियो में आरोपी कर्मचारी को सड़क पर गिराकर पीटते और उसका गला दबाने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहा था।

पुलिस ने दिया सख्त संदेश

जिस बाजार में कुछ समय पहले तक आरोपी दबंगई दिखा रहा था, उसी बाजार में उसे हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगनी पड़ी। पुलिस की इस कार्रवाई के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि कानून हाथ में लेने और सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, घायल कर्मचारी माधव चातर का अस्पताल में इलाज जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें