पाकुड़ में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला; पुलिस जांच में जुटी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 स्थित बड़ी अलीगंज मोहल्ले में मंगलवार को 30 वर्षीय राहुल राय ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पत्नी से विवाद के बीच उठाया आत्मघाती कदम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल राय का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के कारण उनकी पत्नी मायके में रह रही थी। सोमवार को वार्ड पार्षद और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौते की प्रक्रिया शुरू हुई थी। मंगलवार को लिखित समझौते के बाद पति-पत्नी को फिर से साथ रहने का निर्णय होना था। इसी बीच राहुल राय ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक राहुल राय अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। तीनों बच्चे अभी छोटे हैं और पिता के साथ ही रहते थे। राहुल पेशे से ड्राइवर थे। पहले वह पाकुड़ स्थित डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल के प्राचार्य की गाड़ी चलाते थे, जबकि वर्तमान में निजी वाहन चालक के रूप में कार्य कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।

मासूम बेटी ने दी घटना की जानकारी

वार्ड सदस्य राजा हाड़ी ने बताया कि मंगलवार को परिवार के बीच लिखित समझौता होना था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई। वहीं मृतक की भाभी खुशी देवी ने बताया कि जब वह काम से घर लौटीं तो राहुल की छोटी बेटी ने बताया कि उसके पिता फंदे से लटके हुए हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#पाकुड़ #आत्महत्या #घरेलूविवाद #JharkhandNews #SanthalHulExpress

Leave a Comment

और पढ़ें