संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जामताड़ा: जामताड़ा थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत शहरबेरा आदिवासी बहुल गांव में मंगलवार सुबह हुए भीषण वज्रपात ने भारी तबाही मचा दी। तेज बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बेंगलुरू से हाल ही में घर लौटे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं कई ग्रामीणों को बिजली का झटका लगा और कई घरों में भारी नुकसान हुआ।
घर की छत चीरकर अंदर गिरी बिजली
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे प्रदीप पावरिया अपने घर में मौसी बहा मुनी पावरिया के साथ बैठे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली एस्बेस्टस की छत को चीरते हुए सीधे घर के अंदर गिरी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं पास के एक अन्य घर में वज्रपात की चपेट में आने से सरस्वती मरांडी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
खराब सड़क बनी बड़ी परेशानी
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन गांव तक सड़क खराब होने के कारण एंबुलेंस अंदर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने तीनों घायलों को खटिया पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रदीप पावरिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों महिलाओं का इलाज जारी है।
दर्जनों ग्रामीणों को लगा करंट का झटका
वज्रपात का असर इतना तेज था कि गांव के कई घरों की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दर्जनों ग्रामीणों को हल्का करंट लगा। कई घरों की वायरिंग जल गई, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए तथा दो मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
मुखिया पहुंचे अस्पताल, मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर पंचायत के मुखिया सरोज हेम्ब्रम सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों व पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने की मांग की। प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटाने और नुकसान का आकलन करने में लगा हुआ है।
#Jharkhand #Jamtara #Lightning #WeatherAlert #BreakingNews #SanthalHulExpress









