छापेमारी से लौट रही हजारीबाग पुलिस टीम हादसे का शिकार, 1 जवान की मौत; तीन घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

हजारीबाग/धनबाद: हजारीबाग पुलिस की एक टीम मंगलवार तड़के धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में चालकुसा थाना में पदस्थापित पुलिस जवान राम लखन यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का धनबाद के असर्फी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद हजारीबाग पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, चालकुसा थाना की पुलिस टीम धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। मंगलवार सुबह करीब चार बजे बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जोड़ापीपल के पास जीटी रोड पर पुलिस का वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी अंदर ही फंस गए।

एक जवान की मौत, तीन पुलिसकर्मी घायल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी पुलिसकर्मियों को वाहन से बाहर निकाला गया। जवान राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल पुलिसकर्मी नरेश कुमार, मनपावन ओझा और गौरव कुमार को गंभीर हालत में धनबाद के असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हादसे की जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में पुलिस वाहन के तेज रफ्तार में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सड़क किनारे खड़ा ट्रेलर किन परिस्थितियों में खड़ा था, उसके पीछे आवश्यक चेतावनी संकेत लगाए गए थे या नहीं तथा सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों और तेज रफ्तार से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस विभाग ने दिवंगत जवान राम लखन यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक व्यक्त किया है तथा घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Comment

और पढ़ें