रथ यात्रा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था बदली, 16 से 25 जुलाई तक कई मार्गों पर डायवर्जन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा और मेले को लेकर राजधानी रांची में 16 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई मार्गों पर डायवर्जन और प्रवेश प्रतिबंध लागू करने की घोषणा की है। 25 जुलाई को होने वाले रथ वापसी (घुरती मेला) के दौरान भी यही व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, बिरसा चौक से मेला जाने वाले वाहनों की पार्किंग शहीद मैदान में की जाएगी। वहीं तुपुदाना, हटिया और धुर्वा से आने वाले वाहनों के लिए प्रभात तारा मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रिंग रोड से शहर और मेला आने वाले भारी एवं हल्के वाहन तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होते हुए गुजरेंगे तथा तिरिल मोड़ स्थित हेलीपैड में पार्क किए जाएंगे।

कई मार्गों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंध

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तिरिल मोड़ से मोराबादी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मोराबादी गोलचक्कर तथा प्रभात तारा तीनमुहान से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, सवारी वाहन और मोटरसाइकिलों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा बिरसा चौक, सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक से रिंग रोड और शहर की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन संभव

यातायात पुलिस ने बताया कि पुराना विधानसभा क्षेत्र की ओर से मेला आने वाले बड़े वाहन और मिनी बसों को शहीद मैदान के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करना होगा। यदि मेले में भीड़ बढ़ती है तो आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी अस्थायी डायवर्जन लागू किया जा सकता है या वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है।

पुलिस ने आम लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि रथ यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें, पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें और अनावश्यक भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।

Leave a Comment

और पढ़ें