संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: झारखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक का मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही धनबाद समेत पूरे झारखंड और बिहार कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई।
मन्नान मल्लिक कांग्रेस के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने लंबे समय तक राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन पर कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जताया शोक
राज्य की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और पार्टी के मजबूत स्तंभ मन्नान मल्लिक का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि उनका जाना कांग्रेस परिवार और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक ने हमेशा समाज और लोगों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
जनसेवा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे
मन्नान मल्लिक के निधन से उनके समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा शोक व्याप्त है। लोग उन्हें एक सरल, मिलनसार और जनहित के मुद्दों पर मुखर होकर आवाज उठाने वाले जननेता के रूप में याद कर रहे हैं। उनके निधन से झारखंड की राजनीति ने एक अनुभवी और जनप्रिय नेता को खो दिया है।









