मेदिनीनगर: मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में रविवार शाम एक आवारा कुत्ते के हमले से अफरा-तफरी मच गई। गांधी मैदान और नई मोहल्ला इलाके में एक आक्रामक कुत्ते ने महज आधे घंटे के भीतर 10 मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल बच्चों को इलाज के लिए एमआरएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने बच्चों को एंटी-रेबीज़ वैक्सीन समेत आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है।
नगर निगम पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर निगम की ओर से उन्हें पकड़ने या नियंत्रण करने के लिए कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ही यह गंभीर घटना हुई है।
घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। अभिभावक बच्चों को घर से बाहर भेजने से डर रहे हैं और स्थानीय लोग प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विशेष अभियान चलाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से किसी विशेष अभियान की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।









