जादू-टोना के शक में चाचा बना हैवान, 13 वर्षीय भतीजे की चाकू मारकर और गला दबाकर हत्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

पलामू: झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रबदा गांव में सोमवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। जादू-टोना के शक में एक चचेरे चाचा ने अपने ही 13 वर्षीय भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले मासूम के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए, फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बेटे की मौत के बाद पाल रखा था शक

पुलिस के अनुसार मृतक रोशन बैठा, साधु बैठा का इकलौता पुत्र था। आरोपी अनिल बैठा के बेटे की करीब एक वर्ष पहले मौत हो गई थी। तभी से उसे संदेह था कि रोशन की दादी समुद्री देवी ने जादू-टोना कर उसके बेटे की जान ली थी। इसी अंधविश्वास के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

खेत में ले जाकर की निर्मम हत्या

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे रोशन घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी अनिल बैठा अपने चेहरे को कपड़े से ढंककर उसे बहला-फुसलाकर घर से करीब 500 मीटर दूर खेत की ओर ले गया। वहां उसने रोशन के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

ग्रामीणों ने देखी घटना, पुलिस को दी सूचना

घटना को आसपास मौजूद कुछ ग्रामीणों ने देखा और तत्काल इसकी जानकारी परिजनों एवं पुलिस को दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डीएसपी राजेश यादव और चैनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

जंगल से गिरफ्तार हुआ आरोपी

थाना प्रभारी लाल जी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की। कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने कुमनी जंगल से आरोपी अनिल बैठा को गिरफ्तार कर लिया, जहां वह छिपा हुआ था।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जादू-टोना का अंधविश्वास सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें