झारखंड के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात से दो की मौत; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज गर्जन की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी रांची में भी दिनभर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

13 और 14 जुलाई को भी रहेगा बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है।

वहीं 14 जुलाई को चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में भी भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

वज्रपात से दो लोगों की मौत

शनिवार को गुमला जिले के बसिया अनुमंडल क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिसई थाना क्षेत्र के छारदा गांव निवासी 65 वर्षीय शिव व्रत गोप तथा बसिया थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव निवासी 24 वर्षीय सुजीता कुमारी के रूप में हुई है।

सामान्य से 36 प्रतिशत कम हुई बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 जून से 11 जुलाई 2026 के बीच झारखंड में सामान्य से 36 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। राजधानी रांची में भी सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में रांची में सामान्य वर्षापात 308.3 मिमी के मुकाबले 263.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है। वहीं मेदिनीनगर में 40 प्रतिशत और गढ़वा में 75 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, खुले मैदानों में जाने से बचने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें