मंईयां सम्मान योजना: 274 करोड़ से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर, दूसरे चरण का भुगतान भी पूरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। रांची जिले में योजना के दूसरे चरण का भुगतान भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस चरण में ईटकी प्रखंड और बड़गाईं अंचल की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि एकमुश्त भेजी गई है।

दूसरे चरण में 15.39 करोड़ रुपये का भुगतान

जिला प्रशासन के अनुसार, दूसरे चरण में ईटकी प्रखंड के 10,327 और बड़गाईं अंचल के 10,204 लाभुकों को आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 15 करोड़ 39 लाख 82 हजार 500 रुपये की सम्मान राशि हस्तांतरित की गई। प्रत्येक पात्र लाभुक को अप्रैल से जून 2026 तक की 7,500 रुपये की राशि सीधे बैंक खाते में भेजी गई।

पहले चरण में 3.66 लाख से अधिक महिलाओं को मिला लाभ

इससे पहले प्रथम चरण में रांची जिले की 3,66,664 लाभार्थी महिलाओं के खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि सफलतापूर्वक भेजी जा चुकी है। इस चरण में सरकार द्वारा कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से लाभुकों के खातों में ट्रांसफर किए गए थे।

महिलाओं को आर्थिक संबल देने की पहल

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य राज्य की पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। सरकार का कहना है कि योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाया जा रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो रही है और पात्र महिलाओं को समय पर सहायता मिल रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें