रांची में चला निगम का बुलडोजर, बेघर महिला से मिलने देर रात पहुंचीं मेयर रौशनी खलखो

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: राजधानी रांची में नगर निगम द्वारा शनिवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान मोरहाबादी स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के पास रहने वाली एक महिला का आशियाना उजड़ गया। घर टूटने के बाद महिला अपने परिवार और सामान के साथ घंटों सड़क किनारे बैठी रही। घटना की जानकारी मिलते ही रांची की मेयर रौशनी खलखो देर रात पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

मेयर रौशनी खलखो ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला और उसके परिवार के लिए तत्काल अस्थायी ठहरने की व्यवस्था की जाए। साथ ही पात्रता के आधार पर उन्हें स्थायी आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का भी आश्वासन दिया। पीड़ित महिला का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले उन्हें पर्याप्त सूचना नहीं दी गई थी, जिससे उन्हें अपना सामान सुरक्षित निकालने का भी समय नहीं मिल सका।

मोरहाबादी और हरमू में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

नगर निगम की ओर से मोरहाबादी रजिस्ट्री कार्यालय के पास ऑक्सीजन पार्क की चहारदीवारी से लेकर रांची कॉलेज के पीछे स्थित सरना टोली क्षेत्र तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

कार्रवाई के दौरान तिरुपति टावर परिसर के पास गिफ्ट-डीड की जमीन पर बनी एक अवैध दुकान को भी हटाया गया। वहीं हरमू रोड स्थित शनि मंदिर के आसपास चिन्हित अतिक्रमण पर भी निगम का बुलडोजर चला।

प्रशासन ने दी सफाई

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अभियान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से चलाया गया। वहीं मेयर द्वारा पीड़ित परिवार की मदद के लिए तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाने के बाद प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुट गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें