खूंटी में भीषण सड़क हादसे: दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में 3 की मौत, तीन लोग घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

साइकिल सवार को बाइक ने मारी टक्कर, तीन की गई जान

पहली दुर्घटना अड़की थाना क्षेत्र के सिंदरी-डोरिया मार्ग पर जेनाडीह के समीप शुक्रवार शाम हुई। जानकारी के अनुसार, डोरिया साप्ताहिक बाजार से साइकिल से घर लौट रहे 47 वर्षीय पूर्ण मुंडा को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पूर्ण मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर के बाद बाइक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक पर सवार तमाड़ के मानकीडीह निवासी अमृत पातर (25), आयुष पातर (17) और सुनील पातर (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में अमृत पातर और आयुष पातर ने दम तोड़ दिया। वहीं, सुनील पातर का इलाज रांची स्थित रिम्स में चल रहा है।

नशे में बाइक चलाने की आशंका

अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक सवार युवकों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बस और कार की टक्कर में दो घायल

दूसरी दुर्घटना तोरपा थाना क्षेत्र के ममरला गांव के समीप खूंटी-तोरपा-कोलेबिरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब चार बजे हुई। यहां बस और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में कार चालक पंकज कुमार (गुमला निवासी) और कालिया (ओडिशा निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

बताया जा रहा है कि कार सवार लोग पटना में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद भुवनेश्वर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

फिलहाल पुलिस दोनों दुर्घटनाओं की जांच कर रही है और हादसों के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Comment

और पढ़ें