संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: राजधानी रांची के पॉश अशोक नगर इलाके में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी मामले की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी करीब 80 लाख रुपये की जगुआर कार से 8 जुलाई की दोपहर रांची पहुंचे थे। कार पर उत्तर प्रदेश का नंबर प्लेट लगा हुआ था। दोनों ने जगन्नाथपुर स्थित होटल पार्क रिट्रीट में एक मुस्लिम व्यक्ति के नाम पर बने कथित फर्जी आधार कार्ड के जरिए कमरा लिया। पुलिस को आशंका है कि इस्तेमाल किया गया आधार कार्ड भी फर्जी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि होटल में ठहरने के दौरान दोनों आरोपी कई बार बाहर निकले। पुलिस का मानना है कि उन्होंने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी। होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
रेकी के बाद बिल्डर के घर में चोरी, दूसरे घर में फायरिंग के बाद भागे
पुलिस के अनुसार, रेकी पूरी करने के बाद बुधवार देर रात दोनों बदमाश अशोक नगर रोड नंबर-4बी स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर में घुसे। एक आरोपी घर के भीतर चोरी करता रहा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। इसके बाद दोनों ने बिल्डर निशित केसरी के घर में भी चोरी की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद अंगरक्षक ने फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।
वारदात के बाद आरोपी वापस होटल पार्क रिट्रीट पहुंचे, रात वहीं रुके और गुरुवार सुबह करीब 5:20 बजे होटल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी रांची से बाहर निकल चुके हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात में एक तीसरा साथी भी शामिल था, जो दूसरी कार से आया था और होटल में नहीं रुका। वह आसपास रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
जांच के लिए एसआईटी का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व कोतवाली एएसपी निखिल राय करेंगे। एसआईटी में कोतवाली, धुर्वा, जगन्नाथपुर और पुंदाग ओपी के थाना प्रभारियों को भी शामिल किया गया है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, फर्जी आधार कार्ड, जगुआर कार की आवाजाही और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
करीब 98 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ
इस संबंध में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बिल्डर अखिलेश पांडेय के पुत्र आशुतोष पांडेय ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बदमाश उनके पिता पर जानलेवा हमला करने की नीयत से घर में घुसे थे, लेकिन उनके नहीं मिलने पर नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
शिकायत के अनुसार, चोर घर से करीब 8 लाख रुपये नकद, लगभग 600 ग्राम सोने के आभूषण, हीरे के जेवर, रुबी सेट, चांदी के आभूषण, सगाई में मिले कीमती उपहार, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य बहुमूल्य सामान लेकर फरार हुए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 98 लाख रुपये आंकी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।








