संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में तजना नदी पुल के नीचे मिले दो शवों के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के चट्टी बड़गाईं गांव की रहने वाली 25 वर्षीय नेहा और उसके पड़ोसी 21 वर्षीय अरुण राणा की हत्या के मामले में परिजनों ने नेहा के पति कुंदन प्रामाणिक और उसके सहयोगियों पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटना में प्रयुक्त कथित स्कॉर्पियो वाहन बरामद कर लिया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
शादी में बेटे को लाने गई थी नेहा
परिजनों के अनुसार, नेहा अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल कराने के लिए अपने पांच वर्षीय बेटे को लेने गुरुवार शाम पड़ोसी अरुण राणा के साथ बाइक से गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल डोरिया गांव गई थी।
आरोप है कि पति कुंदन प्रामाणिक ने बच्चे को भेजने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। नेहा ने करंज थाना पहुंचकर पुलिस से भी सहायता मांगी, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि वापस लौटते समय कुंदन अपने तीन-चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो से पहुंचा, उनकी बाइक को टक्कर मारी और दोनों को जबरन वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया।
धारदार हथियार से हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि अपहरण के बाद दोनों को खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के पास ले जाकर धारदार हथियार से हमला किया गया और बाद में पत्थर से सिर कुचलकर उनकी हत्या कर दी गई।
शुक्रवार सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस, एफएसएल टीम और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से मिले एक शादी के कार्ड के आधार पर मृतकों की पहचान की गई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
दहेज प्रताड़ना और दूसरी शादी का आरोप
नेहा के पिता भोला ठाकुर ने आरोप लगाया कि छह वर्ष पहले हुई शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में पहले भी मामला दर्ज कराया गया था। पति से विवाद के कारण नेहा पिछले तीन वर्षों से अपने मायके में रह रही थी।
परिजनों का यह भी आरोप है कि कुंदन प्रामाणिक का दूसरी महिला से संबंध था और उसने संभवतः दूसरी शादी भी कर ली थी। उनका कहना है कि इसी कारण वह नेहा से छुटकारा पाना चाहता था।
वहीं, अरुण राणा के पिता प्रकाश राम उस्ताद ने कहा कि उनका बेटा केवल पड़ोसी होने के नाते नेहा की मदद के लिए गया था, लेकिन उसे भी अपनी जान गंवानी पड़ी।
स्कॉर्पियो बरामद, छापेमारी जारी
नेहा के पिता भोला ठाकुर और अरुण के पिता प्रकाश राम उस्ताद के बयान पर खूंटी थाना में कुंदन प्रामाणिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। घटना में प्रयुक्त कथित स्कॉर्पियो को बुंडू क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने और साक्ष्य सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जिस घर में छोटी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां बड़ी बेटी की मौत से मातम पसरा हुआ है।








