ट्यूशन के लिए घर से निकली 13 वर्षीय छात्रा लापता, अपहरण की आशंका से परिवार परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से एक 13 वर्षीय छात्रा के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, पहाड़ी टोला स्थित नासिरुद्दीन लेन निवासी अलीना कक्षा आठवीं की छात्रा है। वह 9 जून की शाम करीब 5 बजे रोज की तरह ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि वह किसी परिचित के यहां होगी, लेकिन काफी देर तक कोई संपर्क नहीं होने पर परिवार की चिंता बढ़ गई।

परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के क्षेत्रों में छात्रा की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अलीना के पिता इमरोज ने सुखदेवनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में आशंका जताई है कि उनकी बेटी को किसी ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और छात्रा को जल्द सकुशल बरामद करने का प्रयास जारी है।

परिवार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को छात्रा के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचित करें। फिलहाल पूरे इलाके में छात्रा की गुमशुदगी को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment

और पढ़ें