जमशेदपुर: पुरानी रंजिश में 3 राउंड फायरिंग, बाल-बाल बचा युवक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमशेदपुर: शहर में फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। छोटे-बड़े विवादों में अपराधियों द्वारा खुलेआम गोलीबारी किए जाने से लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला कदमा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर तीन राउंड फायरिंग की गई। हालांकि युवक बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार की है, जबकि गुरुवार को इस संबंध में कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। घटना कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर स्थित बिहारी बस्ती के समीप मरीन ड्राइव की है, जहां समीर नाग नामक युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई गई।

मारपीट के बाद की गई फायरिंग

पीड़ित समीर नाग ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने दो दोस्तों सन्नी गुप्ता और विकास तांती के साथ मरीन ड्राइव पर खड़ा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोग वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

समीर के अनुसार आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिसमें उसे चोटें आईं। उसके दोनों दोस्तों को भी हल्की चोट लगी। मारपीट के बाद आरोपियों में शामिल आंसू कर्मकार ने उस पर तीन राउंड फायरिंग की। गोली चलने के बाद समीर और उसके साथी किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

कई लोगों पर दर्ज हुई प्राथमिकी

समीर नाग ने कदमा थाना में दर्ज शिकायत में आंसू कर्मकार, विशाल कर्मकार, शुभम लोहार, साहिल शेख, विकास मुंडा समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया है। उसने बताया कि आंसू कर्मकार के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा था, जिसके कारण इस घटना को अंजाम दिया गया।

घटनास्थल से मिले तीन खोखे

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। कदमा थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें