धनबाद: मानसून के मद्देनजर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) द्वारा 10 जून से नदियों से बालू उठाव पर रोक लगाए जाने के बावजूद धनबाद में अवैध बालू खनन और परिवहन का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह खनन विभाग ने सुरक्षा बलों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की, जिसमें दो बालू लदे वाहनों को जब्त किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, माइनिंग इंस्पेक्टर श्यामानंद सिंह और ब्रह्मदेव यादव के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया। सबसे पहले बरटांड़ बस स्टैंड के समीप धैया रोड पर बालू लदे वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन चालकों से परिवहन संबंधी वैध परमिट और दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद विभागीय टीम ने जेएच-10 एटी-8754 और जेएच-10 बीजे-7449 नंबर के दोनों वाहनों को जब्त कर धनबाद थाना के हवाले कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, जब्त वाहनों से लगभग 400 सीएफटी बालू बरामद किया गया है।
वाहनों की जांच के बाद टीम तेलमच्चो बालू घाट पहुंची, जहां दामोदर नदी से एनजीटी की रोक के बावजूद ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू निकासी और लोडिंग का कार्य जारी था। खनन विभाग की टीम को देखते ही अवैध खनन में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि विभाग ने घटनास्थल से अवैध खनन से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह सवाल उठने लगे हैं कि प्रतिबंध के बावजूद अवैध बालू खनन का कारोबार किसके संरक्षण में संचालित हो रहा है। खनन विभाग का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

