रांची: प्रचंड गर्मी और उमस से परेशान झारखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में 11 से 13 जून के बीच गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार 14 से 17 जून के बीच भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और मानसून के आगमन की परिस्थितियां और मजबूत होंगी।
आज इन जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले:
रांची, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज।
मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
अगले चार दिनों में झारखंड पहुंच सकता है मानसून
पिछले करीब 10 दिनों से झारखंड के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी और कड़ी धूप की चपेट में थे। हालांकि बीते दो दिनों से कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले चार दिनों के भीतर संथाल परगना के रास्ते मानसून झारखंड में प्रवेश कर सकता है। इसके बाद राज्यभर में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
जानिए आपके जिले का संभावित तापमान
- रांची: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 24°C
- जमशेदपुर: अधिकतम 37°C, न्यूनतम 26°C
- धनबाद: अधिकतम 35°C, न्यूनतम 26°C
- डाल्टनगंज: अधिकतम 37°C, न्यूनतम 28°C
- देवघर: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 26°C
- मेदिनीनगर: अधिकतम 37°C, न्यूनतम 28°C
- मैक्लुस्कीगंज: अधिकतम 36°C, न्यूनतम 24°C
मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है और झारखंडवासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।
