गढ़वा: जिले के रमना थाना क्षेत्र अंतर्गत भागोडीह गांव के छतवा टोला में देर रात एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। तैयब अंसारी के पोल्ट्री फार्म में लगी आग की चपेट में आकर करीब 1500 देशी मुर्गियां जिंदा जल गईं। आग इतनी भयावह थी कि फार्म परिसर में खड़ी मोटरसाइकिल, मुर्गियों का दाना और अन्य उपकरण भी जलकर राख हो गए। इस हादसे में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार घटना देर रात की है, जब अधिकांश ग्रामीण अपने घरों में सो रहे थे। अचानक पोल्ट्री फार्म से उठती आग की ऊंची लपटों को देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते आग ने पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण फार्म में मौजूद अधिकांश सामान को बचाया नहीं जा सका।
मुर्गियां, मोटरसाइकिल और दाना सब हुआ राख
पीड़ित तैयब अंसारी ने बताया कि पोल्ट्री फार्म में लगभग 1500 मुर्गियां तैयार की जा रही थीं, जो आग में जलकर मर गईं। इसके अलावा फार्म परिसर में खड़ी एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गई। मुर्गियों के लिए रखा गया करीब 20 हजार रुपये मूल्य का दाना भी आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने कहा कि इस घटना ने उनकी वर्षों की मेहनत और पूंजी को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और प्रयासों से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
मुआवजे की मांग
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। पीड़ित तैयब अंसारी ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द जांच पूरी कर प्रभावित परिवार को राहत उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि वे इस भारी आर्थिक नुकसान से उबर सकें।
