झारखंड राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवानी के नामांकन को मिली मंजूरी, आधिकारिक घोषणा का इंतजार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर पिछले दो दिनों से जारी राजनीतिक हलचल के बीच भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन को लेकर बना सस्पेंस लगभग खत्म हो गया है। सूत्रों के अनुसार, रिटर्निंग ऑफिसर ने उनके नामांकन पत्र को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी शेष है।

दरअसल, नामांकन पत्रों की जांच के दौरान परिमल नाथवानी के नाम को लेकर तकनीकी आपत्ति दर्ज की गई थी। कुछ दस्तावेजों में उनका नाम “परिमल नाथवानी” जबकि अन्य अभिलेखों में “नाथवानी परिमल” दर्ज होने को आधार बनाकर कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की ओर से आपत्ति उठाई गई थी। इसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने तत्काल निर्णय लेने के बजाय नामांकन को होल्ड पर रख दिया था।

मामले ने जल्द ही राजनीतिक रंग ले लिया। विधानसभा परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। कांग्रेस ने नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर विरोध जताया, जबकि भाजपा नेताओं ने इसे महज तकनीकी त्रुटि बताते हुए नामांकन को वैध करार देने की मांग की।

विवाद बढ़ने के बाद परिमल नाथवानी स्वयं विधानसभा पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा। वहीं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने भी विधानसभा पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

सूत्रों के मुताबिक, दो दिनों तक चली कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने सभी दस्तावेजों की समीक्षा करते हुए नामांकन को वैध माना है। अब केवल आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

गौरतलब है कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होना है। चुनावी मैदान में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी, झामुमो के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा आमने-सामने हैं। ऐसे में आगामी दिनों में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Leave a Comment

और पढ़ें